रायपुर। स्थापना दिवस पखवाड़े के अवसर पर रविवार, 12 अप्रैल 2026 को राजधानी रायपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला रायपुर और खंडेलवाल पॉलीक्लिनिक, कोटा रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, दवाइयों का वितरण, ब्लड टेस्ट, एक्स-रे सुविधा और सामान्य स्वास्थ्य जांच जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के उद्देश्य से चिकन पॉक्स, कंजेक्टिवाइटिस और सन स्ट्रोक से सुरक्षा के लिए होम्योपैथिक रोग-प्रतिरोधक दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में कुल 150 लोगों को रोग-प्रतिरोधक दवाइयां दी गईं, जबकि 357 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

इस अवसर पर पूर्व चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक डॉ. अखिलेश दुबे का जन्मदिन भी सेवा भावना के साथ मनाया गया। उपस्थित चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना की।

शिविर के सफल आयोजन में डॉ. शैलेश खंडेलवाल, डॉ. बद्री प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. सत्या साहू, डॉ. सिद्धार्थ पटेल, रवि शंकर रंगड़ाहले, कुमारी हेमलता, सुनीता और खंडेलवाल पॉलीक्लिनिक की मैनेजमेंट से श्रीमती ऋचा श्रीवास्तव, प्रशांत, लीलाधर, रोशन और सीताराम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके साथ ही भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. सत्येन्द्र पाण्डेय, सह-संयोजक डॉ. कृष्णदास मानिकपुरी और डॉ. मनोज ठाकुर की सक्रिय भागीदारी व बेहतर समन्वय से शिविर सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

आयोजकों ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य है। भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।








