छत्तीसगढ़ सरकार ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में प्रशासनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चार भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में नवा रायपुर स्थित वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2004 बैच के आईएफएस अधिकारी नवीद शुजाउद्दीन को अरण्य भवन, नवा रायपुर स्थित कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख में प्रभारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (संयुक्त वन प्रबंधन एवं सामुदायिक वानिकी/संरक्षण) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं 2013 बैच के आईएफएस अधिकारी रमेश कुमार जांगड़े को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक) बीजापुर के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही 2015 बैच के आईएफएस अधिकारी रंगानाधा रामाकृष्णा वाय. को वन उप संरक्षक (प्रादेशिक) दंतेवाड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 2017 बैच के आईएफएस अधिकारी जाधव सागर रामचन्द्र को अरण्य भवन, नवा रायपुर स्थित कार्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख में वन उप संरक्षक (परियोजना निर्माण, निगरानी एवं मूल्यांकन) के पद पर नई भूमिका सौंपी गई है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को वन संरक्षण, परियोजना निगरानी और विभागीय कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।



