शांत माने जाने वाले छत्तीसगढ़ में भूकंप की दस्तक, वैज्ञानिक भी हैरान

Madhya Bharat Desk
1 Min Read

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर समेत बस्तर संभाग के कई इलाकों में बीती रात अचानक धरती हिलने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 11:31 बजे आए इन झटकों ने लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओडिशा के कोरापुट इलाके में था। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई, जबकि इसकी गहराई जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे थी।

भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, कुछ ही पलों में स्थिति सामान्य हो गई और लोगों ने राहत की सांस ली।

गौर करने वाली बात यह है कि बस्तर क्षेत्र आमतौर पर भूकंप के लिहाज से अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है। ऐसे में इस तरह के झटकों ने न सिर्फ आम लोगों को चौंकाया, बल्कि विशेषज्ञों को भी इस इलाके की भूगर्भीय गतिविधियों पर फिर से सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment