अफीम माफिया पर पुलिस का शिकंजा, BJP नेता कनेक्शन के बाद 3 और गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई, जहां पुलगांव और कुम्हारी पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाकर तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से करीब 11 ग्राम अफीम, 670 ग्राम डोडा चूरा, नकद राशि, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक वाहन बरामद किया गया है। इससे पहले समोदा गांव में सामने आए अफीम खेती मामले में भी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और अब तक कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

यह मामला उस वक्त चर्चा में आया था जब जेवरा सिरसा के समोदा गांव में एक भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती का खुलासा हुआ था। इस मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क खेती से लेकर सप्लाई तक फैला हुआ था।

इसी कड़ी में पुलिस ने सिलोदा स्थित एक राजस्थानी भोजनालय के पास दबिश दी, जहां से राजस्थान के पिलवा गांव निवासी सुखराम बिश्नोई को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, सुखराम का संबंध पहले से गिरफ्तार आरोपी विकास बिश्नोई से है, जो अफीम की खेती में शामिल था। सुखराम के पास से 670 ग्राम डोडा चूरा, 18,580 रुपये नकद, एक डस्टर कार और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद की गई।

वहीं, कुम्हारी थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। दरअसल, 17 मार्च को खारुन ग्रीन कॉलोनी के पास गुरमेल सिंह को 403 ग्राम अफीम और करीब 14.46 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया था। उसके मोबाइल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच में सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा हुआ।

इसके बाद पुलिस ने झारखंड के लांजी निवासी शिवप्रसाद कुमार साहू और रायपुर के टाटीबंध निवासी रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी को गिरफ्तार किया। इनके पास से 11 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment