छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है, जो लंबे समय से नक्सल हिंसा से जूझ रहे इलाके के लिए राहत भरी मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, कुख्यात नक्सली कमांडर पापा राव जल्द ही अपने 12 साथियों के साथ आत्मसमर्पण करने की तैयारी में है।
बताया जा रहा है कि पापा राव DKSZC (डिवीजनल कमेटी) स्तर का सक्रिय नक्सली रहा है और वह लंबे समय से बस्तर के घने जंगलों में ऑपरेट कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसकी मौजूदगी ITR क्षेत्र में बताई जा रही है, जहां वह अपने साथियों के साथ AK-47 और SLR जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस है।
अगर यह सरेंडर होता है, तो इसे बस्तर में नक्सल नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके बाद इलाके में सक्रिय बड़े नक्सलियों की संख्या काफी कम हो जाएगी और केवल केसा सोढ़ी जैसे कुछ नाम ही बचे रहेंगे।
पापा राव जैसे बड़े कैडर का आत्मसमर्पण सरकार की पुनर्वास नीति की सफलता को भी दर्शाता है। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि अब कई नक्सली मुख्यधारा में लौटने के लिए तैयार हो रहे हैं।
बस्तर में शांति की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पापा राव कब और किन परिस्थितियों में आधिकारिक रूप से आत्मसमर्पण करता है।



