केरल विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की सूची जारी होते ही पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। टिकट नहीं मिलने से कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने अपनी भावनाएं खुलकर साझा की हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने राहुल गांधी को टैग किया और उनके प्रति अपना सम्मान और लगाव व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि वह राहुल गांधी को बेहद पसंद करती हैं और उनका सम्मान करती हैं, लेकिन इसके साथ ही टिकट वितरण में महिलाओं की कम भागीदारी को लेकर अपनी निराशा भी जाहिर की।
डॉ. शमा मोहम्मद ने सवाल उठाया कि जब पार्टी ने केरल में कुल 92 उम्मीदवार उतारे हैं, तो उनमें सिर्फ 9 महिलाओं को ही मौका क्यों दिया गया। उन्होंने इसे महिलाओं के लिए चिंताजनक स्थिति बताया और पार्टी नेतृत्व से इस पर ध्यान देने की अपील की।
Denied but not defeated . I respectfully urge my leader @rahulgandhi ji who I adore , respect & Admire to help the congress women of kerala . Out of the 92 tickets , only 9 tickets were given to women . In Lok
— Dr. Shama Mohamed (@drshamamohd) March 20, 2026
Sabha of 24, only 1 woman was given out of the 16 tickets distributed.…
उन्होंने आगे कहा कि लोकसभा चुनावों में भी महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उनके मुताबिक, 16 टिकटों में से सिर्फ एक महिला उम्मीदवार को मौका दिया गया, जो महिला सशक्तिकरण के दावों के विपरीत नजर आता है।
डॉ. शमा मोहम्मद की यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स कांग्रेस के पुराने नारे “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” की याद दिला रहे हैं।
गौरतलब है कि डॉ. शमा मोहम्मद इससे पहले भी सुर्खियों में रह चुकी हैं, जब उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर टिप्पणी की थी, जिस पर उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा था।
पेशे से डेंटिस्ट डॉ. शमा मोहम्मद कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और एआईसीसी की सदस्य भी हैं। उन्होंने केरल में पार्टी की महिला नेताओं के समर्थन में आवाज उठाते हुए कहा कि उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
इस बीच, केरल में आगामी 9 अप्रैल को मतदान होना है और सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति में जुटे हुए हैं।







