आज हो सकता है पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का ऐलान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली: देश के पांच महत्वपूर्ण राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज बड़ा ऐलान हो सकता है। चुनाव निर्वाचन आयोग (ECI) आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है, जिसमें इन राज्यों के चुनाव कार्यक्रम और मतदान की तारीखों की घोषणा की जा सकती है।

इस साल जिन राज्यों में चुनाव होने हैं उनमें पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी शामिल हैं। चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने भी अपनी रणनीति तेज कर दी है और चुनाव आयोग की घोषणा का सभी को इंतजार है।

चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता में इन राज्यों के लिए पूरा चुनाव कार्यक्रम जारी किया जा सकता है, जिसमें नामांकन की तिथि, मतदान की तारीख और मतगणना की तारीख शामिल होंगी।

कई चरणों में हो सकता है मतदान

सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में मतदान तीन से चार चरणों में कराया जा सकता है, क्योंकि यहां मतदाताओं की संख्या ज्यादा है और कई क्षेत्र संवेदनशील माने जाते हैं।

वहीं असम में दो चरणों में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर तमिलनाडु, केरल और पुदुचेरी में एक ही चरण में मतदान कराए जाने की तैयारी बताई जा रही है।

सुरक्षा और मौसम को ध्यान में रखकर बनेगी योजना

चुनाव आयोग मतदान की तारीख तय करते समय सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील इलाकों और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखता है। खासकर पश्चिम बंगाल में सुरक्षा के मद्देनजर बहु-चरणीय मतदान कराना जरूरी माना जाता है, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके।

इन चुनावों को राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति पर भी इनके परिणामों का असर पड़ सकता है। इसलिए सभी राजनीतिक दल अभी से अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment