बच्चों से नाले के गंदे पानी में धुलवाए मिड-डे मील के बर्तन, प्राचार्य निलंबित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में बच्चों से मिड-डे मील के बड़े बर्तन नाले के गंदे पानी में धुलवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल कार्रवाई की गई।

यह मामला सूरजपुर जिले के देवीपुर स्थित अंबेडकरपारा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि स्कूल के छात्र मिड-डे मील के बाद खाना बनाने वाले भारी बर्तनों को खुद साफ कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन बर्तनों को साफ पानी की बजाय पास बह रहे नाले के गंदे पानी में धोया जा रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूल में लंबे समय से बच्चों से ही मिड-डे मील के बर्तन साफ करवाए जाते थे। इसके लिए छात्रों को स्कूल के पास बह रहे नाले तक भेजा जाता था, जहां उन्हें गंदे पानी में बर्तन धोने पड़ते थे। बताया जा रहा है कि यह सब शिक्षकों की मौजूदगी में हो रहा था, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया। जांच के बाद स्कूल की प्रधान पाठक मारिया गोरेती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा दो सहायक शिक्षक प्रेमलता पांडे और जीतेश्वरी की वेतन वृद्धि रोक दी गई है। वहीं दो संकुल प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस पूरे मामले में कुल पांच शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों से इस तरह का कार्य करवाना नियमों के खिलाफ है। स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment