अफीम खेती पर सियासी घमासान: बिलासपुर में कांग्रेस का BJP कार्यालय घेराव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती को लेकर सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। दुर्ग के बाद अब बलरामपुर में सामने आए मामले ने राजनीति को और भड़का दिया है। इसी मुद्दे को लेकर बिलासपुर में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पार्टी के जिला कार्यालय का घेराव कर दिया।

दरअसल, हाल ही में दुर्ग जिले में भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष के खेत में करीब 5 एकड़ 72 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती होने का मामला सामने आया था। इस खुलासे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे थे और मामले की जांच की मांग की थी। प्रशासन और पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई भी की थी, लेकिन कांग्रेस इसे लेकर सरकार पर लगातार हमलावर बनी हुई है।

इसी कड़ी में बिलासपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा के जिला मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क था और कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई थी।

जब प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बन गई। कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करते नजर आए, जिसे पुलिस ने रोक दिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनका आरोप है कि प्रदेश में युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है और अफीम जैसी अवैध खेती पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। फिलहाल भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment