राज्यसभा चुनाव: विजय शर्मा को बिहार का केंद्रीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राज्यसभा की रिक्त हो रही सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी ने विभिन्न राज्यों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भी बिहार भेजा गया है।

दरअसल, बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव होना है, लेकिन मैदान में छह उम्मीदवार उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, बीजेपी नेता नितिन नबीन, पूर्व विधायक शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा ने नामांकन दाखिल किया है।

वहीं विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पांचवीं सीट को लेकर समीकरण जटिल होने के कारण चुनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए भाजपा ने बिहार में चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

इसके अलावा पार्टी ने हरियाणा और ओडिशा के लिए भी पर्यवेक्षक तय किए हैं। हरियाणा में यह जिम्मेदारी हर्ष संघवी को दी गई है, जबकि ओडिशा के लिए महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर भावनकुले को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment