कोरबा। त्योहारों का मौसम खुशियों और मेलजोल का प्रतीक होता है। इसी भावना को बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने आगामी होली, ईद और गुड फ्राइडे को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों ने मिलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल ने की। यह बैठक कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर आयोजित की गई थी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम सरोज महिलांगे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हुड़दंग पर सख्ती, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
बैठक में साफ कहा गया कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की हुल्लड़बाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शराब के नशे में उत्पात मचाने, जबरन रंग लगाने, तेज रफ्तार वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने या चेहरा ढककर शोर-शराबा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने और लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षित स्थानों पर ही होलिका दहन
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि होलिका दहन खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही किया जाए। बिजली के तारों, ट्रांसफार्मरों या संकरी गलियों में दहन करने से बचने की हिदायत दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में दमकल की गाड़ी आसानी से पहुंच सके। होली के दिन मुख्य सड़कों पर अस्थायी दुकानें न लगाने का भी अनुरोध किया गया है, जिससे यातायात बाधित न हो।
हर्बल रंगों को बढ़ावा, केमिकल रंगों से दूरी
बैठक में रासायनिक रंगों और मुखौटों के उपयोग से बचने की सलाह दी गई। प्रशासन ने साफ किया कि प्राकृतिक और हर्बल रंगों का इस्तेमाल करें और किसी पर भी जबरदस्ती रंग न डालें। त्योहार का आनंद तभी है, जब उसमें सभी की सहमति और खुशी शामिल हो।

रमज़ान और गुड फ्राइडे के लिए विशेष तैयारी
रमज़ान के दौरान मस्जिदों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और गुड फ्राइडे के अवसर पर चर्चों में विशेष पुलिस पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम को पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने तथा बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे एक-दूसरे की आस्था और भावनाओं का सम्मान करें और त्योहारों को भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






