रायपुर। राजधानी रायपुर के हांडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन में छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा और छत्तीसगढ़िया महतारी अस्मिता रथ यात्रा संचालक मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। दोपहर 2 बजे शुरू हुई इस बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी किसान सम्मेलनों को लेकर अहम फैसले लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता राज्य निर्माण संग्राम सेनानी और छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के संस्थापक दाऊ जी.पी. चंद्राकर ने की, जबकि रथ यात्रा के प्रमुख संचालक अनिल दुबे ने आगामी रणनीति का खाका प्रस्तुत किया।
सदस्यता जहां मजबूत, वहां होगा सम्मेलन
अनिल दुबे ने बताया कि जिन क्षेत्रों में सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज के अधिक सदस्य जुड़े हैं, वहां होली के बाद चरणबद्ध किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उनका कहना है कि इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़िया समाज को एकजुट कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पहले चरण में चयनित क्षेत्रों में सम्मेलन कर संगठन का विस्तार किया जाएगा।
घोषित किए गए क्षेत्र प्रभारी
- तुमगांव क्षेत्र – छन्नू लाल साहू, नथूराम सिन्हा, बृज बिहारी साहू
- नवा रायपुर (नई राजधानी क्षेत्र) – अनिल दुबे, लालाराम वर्मा, वेगेंद्र सोनबेर
- पाटन क्षेत्र – शिवनारायण ताम्रकार, चेतन देवंगन, विमलेश चंद्राकर
- गोगांव औद्योगिक क्षेत्र – अनिल दुबे, गंगाराम साहू, श्यामू राम सेन
- अभनपुर क्षेत्र – लालाराम वर्मा एवं सहयोगी
विधानसभा कूच की तैयारी
बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि होली के बाद विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा कूच किया जाएगा। इसकी अंतिम रणनीति और तिथि की घोषणा 1 मार्च को होने वाली अगली बैठक में की जाएगी।
अनिल दुबे ने कहा कि छत्तीसगढ़िया महतारी अस्मिता रथ यात्रा केवल प्रतीकात्मक अभियान नहीं है, बल्कि यह समाज की सांस्कृतिक अस्मिता और किसान हितों को लेकर व्यापक जनसंगठन का प्रयास है।



