जांजगीर। सड़क की बदहाल हालत को लेकर किया गया विरोध प्रदर्शन कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप और उनके समर्थकों के लिए मुश्किल का कारण बन गया। खोखसा से पीथमपुर सड़क निर्माण की मांग को लेकर हुए चक्काजाम के मामले में पुलिस ने विधायक समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि मामला जमानती धाराओं का होने के कारण सभी को बाद में जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
यह पूरा घटनाक्रम सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खोखसा ओवरब्रिज का है। पुलिस के अनुसार 30 जून 2025 को विधायक व्यास कश्यप अपने समर्थकों के साथ सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान खोखसा ओवरब्रिज से पीथमपुर मार्ग तक यातायात पूरी तरह ठप कर दिया गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एंबुलेंस रोके जाने से मामला हुआ गंभीर
स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब एक निजी एंबुलेंस चालक ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। चालक के अनुसार, वह 30 जून की शाम लगभग 4 बजे एक मरीज को अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस को रोक दिया, जिससे मरीज को समय पर इलाज मिलने में देरी हुई।
एंबुलेंस चालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के बाद कार्रवाई
पुलिस जांच में नामजद लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद विधायक व्यास कश्यप सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। चूंकि मामला जमानती था, इसलिए कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि चक्काजाम में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल
व्यास कश्यप (60), संदीप तिवारी (49), उत्तरा कश्यप (33), गोपाल कश्यप (42), व्यास टंडन (63), अरमान मोहम्मद (42), गिरधारी कश्यप (36), उमा राठौर (41), डंकेश्वर यादव (31), कमल कश्यप (35), योगेश कश्यप (33) और संजय कुमार यादव (40)।







