रायपुर में दोहरी आग से हड़कंप, आबकारी दफ्तर की अहम फाइलें राख

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।राजधानी रायपुर शनिवार को आग की दो अलग-अलग घटनाओं से दहल उठी। एक ओर तेलीबांधा स्थित आबकारी कार्यालय में आग लगने से अहम सरकारी दस्तावेज जलकर राख हो गए, तो दूसरी ओर भनपुरी इंडस्ट्रियल एरिया की एक टार-प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। गनीमत रही कि दोनों ही घटनाओं में किसी की जान नहीं गई।

आबकारी दफ्तर में जलीं अहम फाइलें

शनिवार सुबह तेलीबांधा स्थित आबकारी कार्यालय के चौथे माले पर बने ऑडिट रूम से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग भले ही एक कमरे तक सीमित रही, लेकिन वहां रखी कई महत्वपूर्ण और केस से जुड़ी फाइलें जलकर खाक हो गईं।

आग लगने के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर किसी तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

भनपुरी फैक्ट्री में भीषण आग, 16 किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं

दूसरी बड़ी घटना खमतराई थाना क्षेत्र के भनपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में सामने आई। शनिवार दोपहर टार-प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में कामकाज के दौरान अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का गुबार करीब 16 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।

फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कर्मचारी अचानक फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

चार घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर गौरव सिंह, नॉर्थ जोन डीसीपी मयंक गुर्जर सहित प्रशासन और पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस और राहत दल की तत्परता से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ कर्मचारियों को धुएं के असर के चलते प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, करोड़ों का नुकसान

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। फैक्ट्री में मौजूद तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री रायपुर के धारीवाल परिवार की है।

फिलहाल दोनों ही आग की घटनाओं को लेकर प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment