दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। महिला थाना दुर्ग में दर्ज शिकायत के अनुसार, एक नाबालिग बच्ची के साथ कई वर्षों तक दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर अपराध उजागर हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने जानकारी दी कि 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी मां के साथ महिला थाना दुर्ग पहुंची और लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में बताया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद कुल छह आरोपियों ने उसके साथ बार-बार दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं को अंजाम दिया।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
शिकायत के आधार पर महिला थाना दुर्ग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 70(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 और 12 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच पूरी संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।
दो आरोपी हिरासत में
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में
- विजय स्वाइन (37), निवासी दुर्गा नगर पश्चिम भिलाई
- अनिल चौधरी (60), निवासी जोन-1 खुर्सीपार
शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।







