8 जंगें रुकवाईं, नोबेल का असली हकदार मैं हूं — भारत-पाक मुद्दे पर ट्रंप का फिर दोहराया दावा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के संबंधों को लेकर पुराना बयान दोहराया है। शुक्रवार, 9 जनवरी को मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित संघर्ष को उन्होंने ही रोका था।

ट्रंप ने कहा कि जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अमेरिका दौरे पर आए थे, तब उन्होंने सार्वजनिक रूप से उनका आभार व्यक्त किया था। ट्रंप के अनुसार, शरीफ ने कहा था कि उनके हस्तक्षेप से लाखों लोगों की जान बची, क्योंकि हालात बेहद गंभीर हो चुके थे।

तेल और गैस क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा,

“पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यहां आए थे और उन्होंने खुले मंच से कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम कर कम से कम एक करोड़ लोगों की जान बचाई।”

 नोबेल शांति पुरस्कार पर ट्रंप का दावा

नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर अपनी इच्छा जाहिर करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कभी इस पर ज्यादा बात नहीं की, लेकिन इतिहास में शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा जिसने उनसे ज्यादा शांति स्थापित करने का काम किया हो।

ट्रंप ने दावा किया,

“लोग मुझे पसंद करें या न करें, लेकिन सच्चाई यह है कि मैंने आठ बड़े युद्धों को रुकवाने में भूमिका निभाई है। ऐसे में नोबेल पुरस्कार का असली हकदार मैं हूं।”

गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई मौकों पर नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा जता चुके हैं और भारत-पाक तनाव में अपनी भूमिका का जिक्र करते रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment