रोवर–रेंजर जम्बूरी पर ब्रेक, स्थान परिवर्तन, 10 करोड़ के फंड और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद में 9 जनवरी से प्रस्तावित भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी को प्रशासनिक विवादों और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

सोमवार, 5 जनवरी को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संस्था के वैधानिक राज्य अध्यक्ष एवं सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने की, जिसमें राज्य परिषद के उपाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सामने आया कि राज्य कार्यकारिणी एवं परिषद ने पहले राष्ट्रीय/आदिवासी रोवर–रेंजर जम्बूरी राजधानी क्षेत्र नया रायपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया था। इसके बावजूद राज्य परिषद और कार्यकारिणी की अनुमति के बिना राज्य स्कूल शिक्षा विभाग ने आयोजन स्थल बदलकर बालोद तय कर दिया, जिसे संस्था के संविधान और नियमों का खुला उल्लंघन बताया गया।

इसके साथ ही एक गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला भी उजागर हुआ। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए वित्त विभाग द्वारा स्वीकृत 10 करोड़ रुपये की राशि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के आधिकारिक खाते में भेजने के बजाय जिला शिक्षा अधिकारी, बालोद के खाते में ट्रांसफर कर दी गई। परिषद ने इसे संस्था की स्वायत्तता में सीधा हस्तक्षेप और गंभीर वित्तीय गड़बड़ी करार दिया।

बैठक में यह भी आरोप लगाए गए कि जम्बूरी स्थल पर निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही करा लिया गया, जबकि टेंडर आमंत्रण भी भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बजाय जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किए गए। इन तथ्यों के चलते आयोजन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है, जो विभिन्न समाचार माध्यमों में भी सामने आए हैं।

परिषद ने स्पष्ट किया कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स एक स्वतंत्र और स्वायत्त राष्ट्रीय संस्था है, जो अपने संविधान, नियमावली और रूल बुक के अनुसार संचालित होती है, न कि किसी विभागीय आदेश के तहत। राज्य स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बार-बार किए जा रहे हस्तक्षेप को संस्था के मूल उद्देश्यों और अनुशासनात्मक ढांचे के विपरीत बताया गया।

सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा के बाद परिषद ने बालोद में प्रस्तावित राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जम्बूरी को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि इसके बावजूद आयोजन किया जाता है, तो उससे जुड़ी सभी प्रशासनिक, वित्तीय और नैतिक जिम्मेदारी राज्य स्कूल शिक्षा विभाग की होगी।

बैठक में यह भी दोहराया गया कि सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, छत्तीसगढ़ के वैधानिक राज्य अध्यक्ष हैं और उन्होंने अपने पद से कोई इस्तीफा नहीं दिया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment