छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थी तीसरे दिन भी आमरण अनशन पर डटे हुए हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शिक्षा विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने स्कूल शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय को पत्र सौंपते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद सहायक शिक्षक के 2300 रिक्त पदों पर अब तक नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है, जो न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना के समान है।
हाईकोर्ट का आदेश, फिर भी कार्रवाई शून्य
टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, याचिका क्रमांक WPS 3052/2025, 3999/2025 और 3946/2025 में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 26 सितंबर 2025 को आदेश पारित करते हुए सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
विधानसभा में भी उठ चुका है मुद्दा
17 दिसंबर को विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा विधायक रिकेश सेन ने शिक्षा मंत्री से सवाल किया था कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के आदेशों के बाद कितने बीएड सहायक शिक्षकों को पद से हटाया गया और उनके स्थान पर कितने डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई।
शिक्षा मंत्री का जवाब
शिक्षा मंत्री ने सदन में जानकारी दी कि 2621 बीएड सहायक शिक्षकों को बर्खास्त किया गया है। इनमें से 1319 पदों पर डीएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जा चुकी है, जबकि 1302 पद अब भी खाली पड़े हैं। हालांकि, शेष पदों पर भर्ती की समय-सीमा को लेकर मंत्री कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
24 दिसंबर से आमरण अनशन
सरकार के अस्पष्ट जवाब से नाराज डीएड अभ्यर्थी 24 दिसंबर 2025 से रायपुर के तूता धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
1:3 के अनुपात में भर्ती की मांग
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, वाजिद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, बसंत चतुर्वेदी, प्रवीण श्रीवास्तव, शैलेन्द्र यदु, कोमल वैष्णव, प्रदेश सचिव मनोज सनाढ्य एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र परिक ने संयुक्त रूप से मांग की है कि—
- हाईकोर्ट के आदेश का तत्काल पालन किया जाए
- शिक्षक भर्ती 2023 के सभी 2300 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जाए
- 1:3 के अनुपात में भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए
ताकि आंदोलनरत डीएड अभ्यर्थियों का अनशन समाप्त हो सके।







