DSP कल्पना वर्मा से SSP कार्यालय में पूछताछ, कारोबारी की शिकायत पर बढ़ी जांच

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर में होटल व्यवसायी दीपक टंडन और महिला डीएसपी कल्पना वर्मा के बीच चल रहा विवाद अब और गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब दीपक टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा तथा उनके परिजनों के विरुद्ध विस्तृत लिखित शिकायत राज्य के पुलिस महानिदेशक अरुणदेव गौतम और पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा को सौंपी।

शिकायत में वित्तीय अनियमितताओं, दबाव बनाकर लाभ लेने और सरकारी पद के कथित दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस पूरे प्रकरण के सिलसिले में एसएसपी कार्यालय में महिला डीएसपी से लगभग चार घंटे तक गहन पूछताछ की गई।

दीपक टंडन का कहना है कि बीते करीब पांच वर्षों से उनका और डीएसपी कल्पना वर्मा का पारिवारिक और सामाजिक संपर्क रहा है। इसी दौरान विश्वास का दुरुपयोग कर उनके व्यवसाय को नुकसान पहुँचाया गया, जिससे उन्हें दो करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएसपी और उनके परिजनों के बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन हुए हैं, जिनसे जुड़े दस्तावेज़ शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं।

कारोबारी ने यह भी दावा किया है कि उन पर दंतेवाड़ा क्षेत्र में महादेव सट्टा एप के पैनल संचालन के लिए दबाव बनाया गया। प्रस्ताव को ठुकराने के बाद रिश्तों में खटास आई और विवाद गहराता चला गया। टंडन ने मोबाइल चैट्स के माध्यम से दबाव बनाए जाने की बात भी कही है।

शिकायत में यह आरोप भी शामिल है कि साजिश के तहत वीआईपी रोड स्थित होटल ‘एटमॉसफेरिया’ को अवैध रूप से कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। टंडन के अनुसार, बैंक के माध्यम से 30 लाख रुपये का भुगतान और नकद लेन-देन के बावजूद होटल को जबरन हड़पने की कोशिश की गई।

ब्लैकमेलिंग और धमकी के आरोप

दीपक टंडन ने आरोप लगाया कि विवाद बढ़ने के बाद उन पर तलाक के लिए दबाव डाला गया, जेल भेजने की धमकियाँ दी गईं और उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत वाहन पर भी कब्जा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है और उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका है।

मामला अब पुलिस के शीर्ष अधिकारियों तक पहुँच चुका है, जिससे आने वाले दिनों में जांच और कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment