रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा वनडे खेला जाएगा। दोपहर 1 बजे टॉस और 1:30 बजे मुकाबला शुरू होगा। शहर में टीम इंडिया को देखने के लिए फैंस में जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि रायपुर में भारत अब तक कोई वनडे नहीं हारा है। पिच बल्लेबाजों के लिए बेहतर मानी जाती है और शाम को पड़ने वाली ओस गेंदबाजों की रणनीति को बदल सकती है। ऐसे में दोनों टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुन सकती हैं और दर्शकों को हाई-स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
दक्षिण अफ्रीका के लिए आज का मैच खास इसलिए भी है क्योंकि उनके नियमित कप्तान तेम्बा बावुमा की वापसी तय है। पहले वनडे में उनकी गैरमौजूदगी में एडन मार्करम ने कप्तानी की थी, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर भारत अपने सफल संयोजन में बदलाव के संकेत नहीं दे रहा है और उसी लय में उतरना चाहेगा जिसने पहला मैच जिताया था। रिकॉर्ड की बात करें तो रायपुर में भारत ने जनवरी 2023 में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया था। दोनों टीमों के बीच खेले गए 59 वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने 30 और भारत ने 28 मैच जीते हैं।
भारतीय टीम की संभावित इलेवन में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा जैसे नाम शामिल हो सकते हैं। वहीं SA की प्लेइंग इलेवन बावुमा की वापसी के साथ और संतुलित दिखती है।
आज रायपुर में भारतीय टीम की टी-20 वर्ल्ड कप जर्सी भी लॉन्च हो सकती है, क्योंकि हार्दिक पंड्या और BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया शहर में मौजूद हैं। मैच से पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वे आलोचना से दूर रहकर सिर्फ अपने खेल पर फोकस करते हैं। उन्होंने कहा कि मैदान पर प्रेशर लेकर जाना उनके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकता है, इसलिए वे बाहरी बातों को ध्यान में नहीं रखते। पहले वनडे में राणा ने एक ओवर में क्विंटन डी कॉक और रायन रिकेल्टन के विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
राणा ने टीम के अंदरूनी माहौल पर चल रही अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि ड्रेसिंग रूम बेहद खुशहाल है और रोहित शर्मा-विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी युवा खिलाड़ियों का पूरा साथ देते हैं। टीम इंडिया आज जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाना चाहेगी। घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत पिछले चारों वनडे जीत चुका है।







