उज्जैन में बेटे की शादी के बीच थोड़ा समय निकालकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार शाम नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंचे। यह पूरी तरह से अचानक किया गया दौरा था, जिससे वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। बस स्टैंड पर पहुंचते ही सीएम एक चाय की दुकान पर रुके और दुकान संचालक से बातचीत करते हुए खुद चाय बनाने लगे। उन्होंने गर्म पतीले में चाय हिलाकर आम लोगों के साथ वही चाय पी और दुकानदार से उसके कामकाज और परिवार से जुड़े हाल-चाल पूछे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान बीएलओ से बूथ से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां मौजूद मतदाताओं से भी बात की। उन्होंने सभी से पूछा कि मतदान से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या तो नहीं है और प्रशासनिक सुविधाएँ ठीक से मिल रही हैं या नहीं। सीएम ने स्थानीय लोगों, ऑटो चालकों और दुकानदारों से भी बातचीत कर उनकी दिक्कतें सुनीं।
मीडिया से बातचीत में सीएम ने बताया कि वे उज्जैन प्रवास पर हैं और विवाह समारोह के बीच समय मिलते ही बस स्टैंड की स्थिति देखने आ गए। उनका उद्देश्य था कि SIR निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को कोई परेशानी न हो।



