मरवाही में 763 बोरी धान पकड़ा गया, प्रशासन ने शुरू की सख्त जांच

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के सीज़न में प्रशासन अवैध परिवहन और भंडारण पर पहले से कहीं ज्यादा सख्त नजर रख रहा है। मरवाही क्षेत्र में विशेष जांच दल की कार्रवाई के दौरान दो दिनों के भीतर बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है।

कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी के निर्देश पर जिला स्तरीय टीम लगातार ग्रामीण इलाकों, सीमावर्ती मार्गों और उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में 25 और 26 नवंबर को की गई संयुक्त कार्रवाई में कुल 763 बोरी (लगभग 346 क्विंटल) धान जब्त किया गया है। ये धान अब सक्षम अधिकारी की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है।

जांच दल को दरमोहली (झाड़ूटोला) में बिसाहन लाल यादव के खलिहान से 170 बोरी, मनबोधी के खलिहान से 280 बोरी, और बड़काटोला में सत्यवीर के पास से 140 बोरी धान मिला, जिसके दस्तावेज संतोषजनक नहीं पाए गए।

इसी दौरान उपार्जन केंद्र तरईगांव में कृषक महाजन सिंह द्वारा लाया गया 31 बोरी अमानक और डंकयुक्त धान भी जब्त किया गया। गौरेला स्थित नीलेश एंड कंपनी के दुकान-कम-गोदाम से 72 बोरी धान अतिरिक्त स्टॉक में पाए जाने पर बरामद किया गया।

सबसे बड़ी कार्रवाई तब हुई जब मेदुका के पास मध्यप्रदेश से अवैध तरीके से लाया जा रहा 70 बोरी धान वाहन क्रमांक CG-16 CL-3806 में मिला। वाहन को धान सहित तुरंत जब्त कर गौरेला थाना सुपुर्द किया गया।
सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment