दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस आतंकी हमले का कनेक्शन फरीदाबाद और लखनऊ से जोड़ते हुए जैश-ए-मोहम्मद के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जांच में सामने आया है कि आतंकी संगठन जैश ने पूरे देश में सिलसिलेवार धमाकों की साजिश रची थी, लेकिन एजेंसियों ने समय रहते इस साजिश को नाकाम कर दिया।
डर और लापरवाही से हुआ धमाका
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा डॉक्टर उमर मोहम्मद अपने साथियों की गिरफ्तारी से डर गया था। वह दिल्ली पहुंचा और लाल किले के पास बम धमाका कर खुद को उड़ा लिया। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह एक आत्मघाती विस्फोट था। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि विस्फोटक बरामद होने के बाद भी दिल्ली में सुरक्षा सख्त नहीं की गई थी।
जैश का डॉक्टर मॉड्यूल बेनकाब
फरीदाबाद में गिरफ्तार डॉ. मुजम्मिल अहमद और लखनऊ से पकड़े गए डॉ. परवेज अंसारी से मिली जानकारी ने जांच को नई दिशा दी है। पुलवामा निवासी डॉ. मुजम्मिल अहमद के पास से करीब 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट, टाइमर, और वॉकी-टॉकी बरामद हुए थे। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद में दो डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद उमर मोहम्मद ने घबराहट में धमाका किया।
महिला आतंकी विंग से कनेक्शन
हरियाणा पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉ. शाहीना से पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। शाहीना जैश-ए-मोहम्मद की महिला विंग ‘जमात उल मोमीनात’ की भारत प्रमुख बताई जा रही है। सादिया अजहर (मसूद अजहर की बहन) इस विंग की पाकिस्तान प्रमुख है, जिसका पति यूसुफ अजहर 1999 के कंधार हाईजैक का मास्टरमाइंड था।
विस्फोट से पहले भारी मात्रा में बरामद हुए हथियार
लाल किले धमाके से कुछ घंटे पहले ही फरीदाबाद के धौज इलाके से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में डॉ. मुजम्मिल गनई को गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली में अब भी खतरा बरकरार
सुरक्षा एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि एक संदिग्ध आतंकी अब भी दिल्ली में मौजूद हो सकता है। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध लाल रंग की ईको स्पोर्ट्स कार में देखा गया है, जिसका नंबर दिल्ली का है। इसी कारण दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर सभी वीवीआईपी इलाकों, ऐतिहासिक स्थलों और बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

दो कारों से दिल्ली पहुंचे आतंकी
पुलिस के अनुसार, जैश के आतंकी फरीदाबाद से दो कारों में दिल्ली पहुंचे थे। एक कार (हरियाणा नंबर) से लाल किले के पास धमाका किया गया, जबकि दूसरी (DL-10 CK 045..) अब भी दिल्ली में घूम रही है। दोनों कारें एक साथ बदरपुर बार्डर पार कर दिल्ली में दाखिल हुई थीं।







