पटना:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान एक निजी बोलेरो वाहन पर पुलिस का स्टिकर और सायरन लगाकर प्रचार किया।
यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में तेज प्रताप यादव के समर्थक उस वाहन से चुनाव प्रचार करते नजर आए, जिस पर पुलिस का चिन्ह और लाल बत्ती लगी थी।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और यह स्पष्ट हुआ कि वाहन पुलिस का नहीं था, बल्कि अवैध रूप से पुलिस स्टिकर और सायरन लगाकर उपयोग किया जा रहा था। इसे आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन माना गया।
मामले की पुष्टि करते हुए वैशाली के एसपी ललित मोहन शर्मा ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद महुआ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। महुआ अंचल अधिकारी के लिखित आवेदन पर यह कार्रवाई की गई है।
महुआ थाना कांड संख्या 1025/25, दिनांक 19.10.2025 के तहत तेज प्रताप यादव के खिलाफ धारा 319(2)/223/176 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
एसपी शर्मा ने कहा, “विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के पालन को लेकर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है।”






