दीवाली से पहले बालोद में दर्दनाक घटना, घर में मिली मां-बेटी की लाश, इलाके में फैली सनसनी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के शिकारिपारा मोहल्ले में एक घर के अंदर मां और उसकी 10 वर्षीय बेटी की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जैसे ही आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, तहसीलदार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली, जबकि उसकी मासूम बेटी का शव पास में संदिग्ध अवस्था में पड़ा था। मृत महिला की पहचान निकिता पडोती के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि निकिता के पति की मृत्यु करीब दो साल पहले सड़क दुर्घटना में हो गई थी। पति की मौत के बाद से ही निकिता मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थी।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपनी बेटी की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

बालोद कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। महिला के मायके और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय घर में और कोई मौजूद था या नहीं। यह दर्दनाक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment