शिक्षा को मिली रफ़्तार: 101 छात्राओं को साइकिल वितरण से बढ़ेगी पढ़ाई की पहुँच

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल बने मुख्य अतिथि, भारतमाला परियोजना के अंतर्गत CSR मद से हुआ वितरण

रायपुर: शिक्षा की पहुँच हर घर तक सुनिश्चित हो, कोई भी बच्चा संसाधनों की कमी के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे — इसी उद्देश्य के साथ धमतरी जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुरुद में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) रायपुर के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की 101 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। इस अवसर पर प्रदीप कुमार लाल ने कहा कि “जब एक भी बच्चा शिक्षा अधूरी छोड़ता है, तो हमारा विकास अधूरा रह जाता है। हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हर बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित की जाए।” उन्होंने आगे कहा कि “छात्राओं को दी गई साइकिलें केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का प्रतीक हैं। इससे निश्चित रूप से शिक्षा के प्रति नई प्रेरणा मिलेगी और विद्यालय तक की यात्रा आसान होगी।”

CSR मद से हुआ साइकिल वितरण

भारत सरकार की भारतमाला परियोजना के अंतर्गत कार्यरत मेसर्स शालीमार रोड इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कंपनी ने छात्राओं में शिक्षा के प्रति रुचि और प्रोत्साहन बढ़ाने के उद्देश्य से 101 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं।

इस मौके पर स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक नृत्य प्रस्तुत किए। इस अवसर पर परियोजना कार्यान्वयन इकाई-अभनपुर के परियोजना निदेशक शमशेर सिंह, प्रखर अग्रवाल, शालीमार रोड इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्रा. लि. के प्रोजेक्ट हेड ब्रजेन्द्र, प्रदीप कुमार सिंह, नागमणि, सुनील कुमार पटेल सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment