जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद जीतन राम मांझी ने थमाई 15 सीटों की लिस्ट, NDA में सीट शेयरिंग पर बढ़ा तनाव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पटना। बिहार एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान तेज हो गई है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के संस्थापक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी पार्टी की 15 सीटों की सूची सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार, मांझी की पार्टी अपनी जीती हुई सीटें छोड़ने के मूड में नहीं है, जबकि लोजपा (रा) भी उन्हीं सीटों पर दावा कर रही है।

मांझी ने नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान भाजपा नेतृत्व को अपनी पसंदीदा सीटों की जानकारी दी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, गया जिले की सीटों पर ‘हम’ की दावेदारी सबसे मजबूत है। बीते विधानसभा चुनाव में ‘हम’ ने बाराचट्टी, टिकारी, इमामगंज, सिकंदरा, जहानाबाद की मखदुमपुर, औरंगाबाद की कुटुम्बा और पूर्णिया की कस्बा सीट पर उम्मीदवार उतारे थे।

इस बार मांझी ने इन सीटों के अलावा गया की गुरारू, अतरी और बोधगया सीटों के साथ-साथ सिमरी बख्तियारपुर और बखरी सीटों की भी मांग की है।

हम के तेवर बने चर्चा का विषय

सीट शेयरिंग पर ‘हम’ का रुख लगातार बदलता नजर आ रहा है। असम दौरे से लौटने के बाद दिल्ली रवाना होते वक्त पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में मांझी ने कहा,

“सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है। दिल्ली में एनडीए के तमाम नेता मौजूद हैं। हमारी भी चर्चा होगी, निर्णय सामूहिक रूप से लिया जाएगा।”

वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश पांडेय ने कहा कि,

“हम ने अपनी मांगें स्पष्ट रूप से भाजपा नेतृत्व के सामने रख दी हैं। राजनीति में कोई स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता, यह पूरी तरह परिस्थिति पर निर्भर करता है।”

एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर जारी यह रस्साकशी आने वाले दिनों में बिहार की राजनीतिक तस्वीर को और दिलचस्प बना सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment