रायपुर: नेशनल इंटीग्रेशन फोरम ऑफ आर्टिस्टिक्स एंड एक्टिविस्ट (निफा) के सिल्वर जुबली समारोह में छत्तीसगढ़ की बेटी डॉ. गीतांजलि पंकज को शिक्षा, खेल और सामाजिक कार्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए “यंग कम्युनिटी चैंपियन अवॉर्ड” और “वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड सर्टिफिकेट” से सम्मानित किया गया।
निफा ने अपना सिल्वर जुबली कार्यक्रम भारत मंडपम, दिल्ली और करनाल में आयोजित किया। इस अवसर पर देश भर के लगभग 700 जिलों से चयनित 1200 से अधिक समाजसेवी, कलाकार और युवाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
निफा के फाउंडर चेयरमैन प्रीतपाल सिंह पन्नू ने बताया कि संस्था का उद्देश्य युवाओं में संभावनाओं की खोज कर उन्हें राष्ट्र की एकता और जमीनी स्तर पर सेवा के लिए प्रेरित करना है। इस पांच दिवसीय आयोजन में दिल्ली, करनाल और कुरुक्षेत्र का भ्रमण कराया गया, जिसमें सभी राज्यों के लोगों द्वारा पारंपरिक परिधानों में “राष्ट्रीय एकता रैली” निकाली गई।
समारोह में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर शिव खेड़ा सहित कई गणमान्य हस्तियाँ और मॉरीशस, जापान, दुबई जैसे देशों के अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि भी मंच पर उपस्थित रहे।



