नई दिल्ली। अमेरिका और भारत के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव को लेकर अमेरिकी सांसदों के एक समूह ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पत्र लिखकर चिंता जताई है। सांसदों ने आग्रह किया है कि भारत के साथ आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत पर लगाए गए अधिक टैरिफ दोनों देशों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकते हैं।
जानकारी के अनुसार, यह पत्र 9 अक्टूबर को सांसद डेबोरा रॉस और रो खन्ना के नेतृत्व में व्हाइट हाउस भेजा गया। इसमें सांसदों ने कहा कि भारत पर 45 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने से अमेरिका और भारत के बीच सहयोग की भावना कमजोर हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह नीति जारी रही तो दोनों लोकतांत्रिक देशों के व्यापारिक और रणनीतिक संबंध प्रभावित हो सकते हैं।
सांसदों ने अपने पत्र में लिखा कि भारत अमेरिका का एक अहम व्यापारिक भागीदार (Trading Partner) है और सेमीकंडक्टर, दवाइयों, ऊर्जा तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भारत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि टैरिफ बढ़ने से अमेरिकी परिवारों के जीवन-यापन खर्च में वृद्धि हो रही है और अमेरिकी कंपनियों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर असर पड़ रहा है।
सांसदों ने राष्ट्रपति ट्रंप से अपील की है कि भारत के साथ व्यापारिक नीतियों को पुनः समीक्षा कर पारस्परिक लाभ की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, जिससे दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।



