कांकेर के भूपेंद्र नाग को भाजयुमो में मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी, बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भूपेंद्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी नियुक्ति सूची में उनका नाम शामिल किया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

भूपेंद्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजयुमो में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रदेश स्तर पर संगठन में अनुभव रखने वाले नाग की राष्ट्रीय टीम में शामिल होने से छत्तीसगढ़ को भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रतिनिधित्व मिला है।

भाजपा ने भाजयुमो की नई राष्ट्रीय टीम के तहत कुल सात नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है। भूपेंद्र नाग के अलावा जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को यह जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बड़जेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिटल वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी ने बताया कि ये सभी नियुक्तियां भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार की गई हैं और ये तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment