सहयोग केंद्र में उमड़ी शिकायतों की बाढ़: शिक्षा, जमीन और भ्रष्टाचार पर सबसे ज्यादा मुद्दे उठे, मंत्रियों ने दिए जांच के निर्देश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में “सहयोग केंद्र” की शुरुआत की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनकर उनका त्वरित निपटारा करना है। पिछले दो दिनों में ही यहाँ दो मंत्रियों ने 300 से अधिक शिकायतें सुनीं, जिनमें शिक्षा, जमीन विवाद और भ्रष्टाचार से जुड़ी समस्याएँ प्रमुख रहीं।

केंद्र में पहुंचे कई कार्यकर्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनका उद्देश्य सिर्फ शिकायत दर्ज कराना नहीं, बल्कि समस्याओं का शीघ्र समाधान पाना है। कई शिकायतों में ग्राम स्तर पर विकास कार्यों में बाधा डालने वाले स्थानीय अफसरों और अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बीजेपी नेता सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि सहयोग केंद्र में शिक्षा, जमीन और भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक आई हैं। कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया है, जबकि कुछ मामलों में जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

इस केंद्र में सोमवार को टंकराम वर्मा, मंगलवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, बुधवार को वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, गुरुवार को तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और शुक्रवार को खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की ड्यूटी तय की गई है। ये मंत्री दोपहर 1 से 2 बजे तक कार्यकर्ताओं से मिलकर शिकायतें सुनेंगे और समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे।

सरकार का कहना है कि यह केंद्र पार्टी और संगठन के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment