अमेरिका के डलास से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। तेलंगाना के हैदराबाद से पढ़ाई के लिए अमेरिका गए 27 वर्षीय भारतीय छात्र चंद्रशेखर पोल की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई जब चंद्रशेखर गैस स्टेशन पर पार्ट-टाइम नौकरी कर रहे थे।
चंद्रशेखर ने हैदराबाद से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (BDS) की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2023 में उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका का रुख किया था। वहां मास्टर्स की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह नौकरी की तलाश कर रहे थे और इस बीच आर्थिक खर्च पूरा करने के लिए गैस स्टेशन पर काम कर रहे थे।
परिवार सदमे में, शव लाने की अपील
इस दर्दनाक खबर के बाद से हैदराबाद स्थित उनके घर में मातम पसरा हुआ है। परिवार ने भारत सरकार और तेलंगाना सरकार से अपील की है कि चंद्रशेखर का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।
नेताओं ने जताया शोक
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने छात्र की हत्या पर गहरा दुख जताया और परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
वहीं बीआरएस विधायक सुधीर रेड्डी और पूर्व मंत्री टी. हरीश राव भी मृतक छात्र के परिजनों से मिलने पहुंचे। हरीश राव ने इसे बेहद दर्दनाक बताते हुए कहा कि जिस बेटे को माता-पिता ने बड़े सपनों के साथ विदेश भेजा था, उसकी असमय मौत किसी भी परिवार के लिए असहनीय है। उन्होंने राज्य सरकार से तुरंत शव को भारत लाने की मांग की।



