पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण कांत चंद्रा का बयान –
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण कांत चंद्रा ने जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक साहू और उनके सहयोगी गौतम राठौर ने किसानों की खून-पसीने की कमाई लूटने का षड्यंत्र रचा। आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षर, ब्लैंक चेक और बैंक दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर वर्ष 2015 से 2025 तक 42 लाख 78 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई।
श्री चंद्रा ने इसे “सुनियोजित अपराध और भ्रष्टाचार का चरम उदाहरण” बताते हुए कहा कि ग्राम फरसापाली निवासी राजकुमार शर्मा, उनकी पत्नी रीता शर्मा और मां जैतिन शर्मा के बैंक खातों से रकम निकालकर किसानों को आर्थिक बर्बादी की ओर धकेला गया। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आ चुका है और गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं। आगे की विवेचना में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जो किसानों की हितैषी होने का दावा करती है लेकिन असल में किसानों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले व्यक्ति को विधायक की कुर्सी सौंप चुकी है। यह कांग्रेस पार्टी की “जनविरोधी मानसिकता और दोहरे चरित्र” का प्रमाण है।
आपराधिक पृष्ठभूमि पर भी उठाए सवाल
कृष्ण कांत चंद्रा ने बताया कि विधायक बालेश्वर साहू का आपराधिक इतिहास छुपा नहीं है।
हाल ही में पड़ोसी से मारपीट के मामले में उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है।
एक बुजुर्ग शंकर प्रसाद राठौर से कालर पकड़कर मारपीट करने की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई थी।
2-3 वर्ष पूर्व राजकुमार शर्मा के घर घुसकर उनके परिवार से मारपीट करने की घटना का सीसीटीवी सबूत मौजूद है और मामला न्यायालय में लंबित है।
उन्होंने कहा, “लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस ने विधायक बनाकर किसानों और जनता के साथ विश्वासघात किया है।”
पूर्व जिलाध्यक्ष की मांगें
1. कांग्रेस पार्टी तत्काल विधायक बालेश्वर साहू को पार्टी और पद से निष्कासित करे।
2. विधायक की शीघ्र गिरफ्तारी हो ताकि वे सबूत नष्ट न कर सकें।
3. पीड़ित किसानों को हर्जाना और न्याय मिले।
श्री चंद्रा ने यह भी आरोप लगाया कि किसानों की जमीन, ऋण पुस्तिकाएं और अन्य दस्तावेज भी साहू ने छलपूर्वक अपने पास रख लिए हैं। संभव है कि कई किसानों के नाम पर फर्जी ऋण भी उठाए गए हों।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा की सरकार और संगठन किसी भी हाल में भ्रष्टाचार और अपराध को बर्दाश्त नहीं करेगा। यह मुद्दा सिर्फ एक गांव या परिवार का नहीं बल्कि पूरे जैजैपुर क्षेत्र के किसानों के साथ विश्वासघात का है। जनता अब कांग्रेस से जवाब चाहती है कि क्या वह अपराधियों को बचाएगी या किसानों को न्याय दिलाएगी।







