रायपुर में हाई-टेक HSRP कैमरों की तैनाती, तेज रफ्तार और लालबत्ती उल्लंघन पर पुलिस की सख्त निगरानी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को बढ़ाने के लिए पुलिस प्रशासन ने हाई-टेक निगरानी प्रणाली लागू करने की योजना बनाई है।

इस योजना के तहत आउटर रिंग रोड और शहर की सीमा पर 184 हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) पहचानने वाले कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे 34 प्रमुख जगहों पर स्थापित किए जाएंगे और सीधे नियंत्रण कक्ष से जुड़े रहेंगे।

टाटीबंध चौक पर सबसे ज्यादा कैमरे
पूरे प्रोजेक्ट में 184 कैमरों का जाल बिछाया जाएगा। टाटीबंध चौक पर सबसे ज्यादा 16 कैमरे लगाए जाएंगे। बड़े चौराहों और पुल-पुलियों पर 6 से 8 कैमरे होंगे, जबकि छोटे स्थानों पर 2 से 4 कैमरे पर्याप्त माने गए हैं। प्रत्येक कैमरा जीपीएस से जुड़ा होगा, जिससे वाहन की वास्तविक लोकेशन तुरंत नियंत्रण कक्ष तक पहुंच जाएगी।

यातायात उल्लंघन पर भी पैनी नजर
ये कैमरे न केवल चोरी या संदिग्ध वाहनों की पहचान करेंगे, बल्कि तेज रफ्तार, लालबत्ती पार करने और अन्य यातायात नियम उल्लंघन की घटनाओं को भी स्वतः रिकॉर्ड करेंगे। पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी।

सीसीटीएनएस से कनेक्टिविटी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हाई-टेक व्यवस्था को जल्द ही अपराध एवं अपराधी निगरानी प्रणाली (CCTNS) से भी जोड़ा जाएगा। इससे पड़ोसी राज्यों से आने-जाने वाले अपराधियों की पहचान करना भी आसान होगा।

यातायात पुलिस का बयान
डीएसपी (यातायात) गुरजीत सिंह ने कहा, “हमारा लक्ष्य रायपुर को सुरक्षित और अनुशासित यातायात वाला शहर बनाना है। इस नई तकनीक से अपराध नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment