नेटफ्लिक्स महाभारत पर आधारित एनिमेटेड वेब सीरीज ‘कुरुक्षेत्र’ लेकर आ रहा है। इस सीरीज का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें दर्शकों को महाभारत की अमर कथा को आधुनिक और दमदार एनिमेशन के साथ दिखाया गया है।
ट्रेलर में क्या है खास
2 मिनट 31 सेकंड के इस ट्रेलर में महाभारत के प्रमुख प्रसंगों को शानदार एनिमेशन के जरिए दिखाया गया है। इसमें कृष्ण भगवान का अवतार, भीष्म पितामह का शरशैया पर लेटना, अभिमन्यु का चक्रव्यूह में फंसना और द्रौपदी का चीरहरण जैसे महत्वपूर्ण अध्याय शामिल हैं। विजुअल्स और एनिमेशन क्वालिटी दर्शकों को आकर्षित करने वाली है।
कब और कहां देख पाएंगे
‘कुरुक्षेत्र’ 10 अक्तूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसका निर्देशन उज्जैन गांगुली ने किया है और इसे अनु सिक्का ने क्रिएट किया है। वहीं इसके गीतों को गुलजार ने लिखा है। यह सीरीज हिंदी समेत तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, अंग्रेजी, स्पेनिश, पोर्तुगीज, थाई और इंडोनेशियन भाषा में भी उपलब्ध होगी।
एनिमेटेड फिल्मों का बढ़ता क्रेज
इससे पहले एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर एनिमेटेड धार्मिक फिल्मों की राह आसान की थी। इसके बाद भगवान राम पर आधारित फिल्म ‘महायोद्धा राम’ का टीजर भी लॉन्च किया गया है, जो दीवाली पर रिलीज होगी। अब ‘कुरुक्षेत्र’ से दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।







