रायपुर में नाबालिग प्रेमिका ने प्रेमी की हत्या की: शादी को लेकर हुआ विवाद बना खून-खराबे की वजह, ट्रेन से भागी बिलासपुर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवॉन लॉज में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड ने अपने 20 वर्षीय बॉयफ्रेंड मोहम्मद सद्दाम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद युवती ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद किया और ट्रेन पकड़कर बिलासपुर भाग गई। पुलिस ने जब कमरे का ताला तोड़ा तो सद्दाम का खून से लथपथ शव बिस्तर पर पड़ा मिला।

घटना 27 सितंबर की बताई जा रही है। सद्दाम अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ लॉज में रुका था। अगले दिन वह अकेली बाहर निकल गई, लेकिन सद्दाम बाहर नहीं आया। जब 29 सितंबर को कमरे से कोई हलचल नहीं हुई, तो लॉज स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो सद्दाम की लाश मिली, जिस पर गर्दन और पीठ सहित कई हिस्सों पर चाकू से वार के निशान थे।

जानकारी के मुताबिक, मृतक सद्दाम बिहार का रहने वाला था और रायपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। नाबालिग लड़की गर्भवती थी, और शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। लड़की के अनुसार, सद्दाम शादी से इंकार कर रहा था और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इसी विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया।

हत्या के बाद युवती ट्रेन से अपने घर बिलासपुर भाग गई और अपनी मां को पूरी वारदात बताई। परिजनों ने उसे लेकर कोनी थाना पहुंचाया, जहां उसने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने गुस्से में आकर अपने बॉयफ्रेंड की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment