रायपुर। राजधानी रायपुर में होने वाली कथित स्ट्रेंजर हाउस/पूल पार्टी को पुलिस ने बड़ा खुलासा कर नाकाम कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल इस इवेंट का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आयोजन से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम ने की।
सोशल मीडिया से मिला सुराग
पुलिस को 13 सितम्बर को सोशल मीडिया से जानकारी मिली थी कि APARICHIT CLUB PRESENT RAIPUR’S BIGGEST STRANGERS HOUSE/POOL PARTY नाम से 21 सितम्बर को शाम 4 बजे से रात तक वीआईपी रोड स्थित फार्म हाउस या क्लब में पार्टी होने वाली है। इंस्टाग्राम पर “Aparichit Club” के नाम से पेज बनाकर इसकी बुकिंग और प्रचार किया जा रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और तेलीबांधा थाने में प्रकरण दर्ज किया। इसमें धारा 4 स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम, धारा 67 आईटी एक्ट और धारा 79 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
साइबर टीम की तकनीकी जांच
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर साइबर विंग ने सोशल मीडिया अकाउंट, वायरल पोस्टर और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच की। इसमें कई नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर सात लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी और भूमिका
- संतोष जेवानी और अजय महापात्रा – इवेंट आयोजक
- संतोष गुप्ता – एसएस फार्म हाउस का मालिक, जगह उपलब्ध कराई
- अवनीश गंगवानी – सोशल मीडिया पेज What is Raipur से प्रमोशन करता था
- जेम्स बेक – हाईपर क्लब का मालिक, आयोजन को बढ़ावा दिया
- दीपक सिंह और देवेंद्र कुमार यादव – क्लब से जुड़े प्रमोटर
बैंक लेन-देन की पड़ताल
पुलिस के अनुसार पार्टी में एंट्री के लिए कई युवाओं ने बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए थे। अब उन खातों और ट्रांजेक्शंस की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यह आयोजन अश्लील गतिविधियों और अवैध पार्टी को बढ़ावा देने का प्रयास था, जिस पर सख्त रोक लगाई गई।
पुलिस ने दी चेतावनी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रायपुर में इस तरह की अवैध पार्टियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई युवाओं को गुमराह करने वाले आयोजकों के खिलाफ कड़ा संदेश है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और आगे की जांच जारी है।







