नई दिल्ली।भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मुकाबले हमेशा हाई-वोल्टेज माने जाते हैं। एशिया कप 2025 में दोनों टीमों के बीच 14 सितंबर को होने वाली भिड़ंत को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है। ऐसे माहौल में आइए याद करते हैं एशिया कप 2023 का वो ऐतिहासिक मैच, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को ऐसी शर्मनाक शिकस्त दी थी जिसे वो शायद कभी भूल नहीं पाएगा।
भारत की धमाकेदार बैटिंग
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। भारत की ओपनिंग जोड़ी रोहित शर्मा (56) और शुभमन गिल (58) ने तेज शुरुआत देकर टीम को मजबूत नींव दी। इसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
बारिश के कारण मुकाबला रिजर्व डे तक खिंच गया। वहीं कोहली और राहुल ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 233 रनों की नाबाद साझेदारी की। राहुल ने ढाई साल बाद वनडे में शतक जड़ा, जबकि कोहली ने मात्र 84 गेंदों में शतक ठोक दिया। दोनों की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने 50 ओवर में 356 रन बनाए।
कुलदीप यादव का जादू
357 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने शुरुआती झटके दिए तो वहीं कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को बेहाल कर दिया।
कुलदीप ने मात्र 25 रन देकर 5 विकेट चटकाए और पाकिस्तान की पूरी टीम 128 रन पर ढेर हो गई। भारत ने यह मैच 228 रन से जीता, जो भारत-पाक क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत बनी। यह जीत वनडे क्रिकेट में भी किसी भी टीम के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत थी।







