नई दिल्ली। आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी में नींद की समस्या यानी इंसोम्निया तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसके पीछे हमारी ही कुछ गलत आदतें जिम्मेदार होती हैं, जिन्हें हम अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। सोने से पहले की गई कुछ छोटी-छोटी गलतियां हमारी नींद को बिगाड़ सकती हैं और धीरे-धीरे यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
अच्छी और गहरी नींद न सिर्फ थकान मिटाती है बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। नींद पूरी न होने पर चिड़चिड़ापन, थकान, पाचन समस्या और डिप्रेशन तक का खतरा बढ़ जाता है। आइए जानते हैं, रात को सोने से पहले किन तीन आदतों से बचना बेहद जरूरी है।

1. मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल
सोने से पहले सबसे बड़ी गलती है मोबाइल या लैपटॉप चलाना। इनसे निकलने वाली ब्लू लाइट मेलाटोनिन हार्मोन को प्रभावित करती है, जो नींद लाने में अहम भूमिका निभाता है। इसका असर यह होता है कि नींद आने में देरी होती है और नींद बार-बार टूटती है। इसलिए सोने से कम से कम 1 घंटा पहले गैजेट्स का इस्तेमाल बंद कर दें।

2. भारी और मसालेदार भोजन
रात का खाना हल्का और सुपाच्य होना चाहिए। सोने से ठीक पहले तला-भुना या मसालेदार खाना खाने से एसिडिटी और अपच हो सकती है। पाचन तंत्र सक्रिय रहने से शरीर को आराम नहीं मिलता और नींद प्रभावित होती है। इससे न सिर्फ इंसोम्निया बल्कि मोटापा और गैस्ट्रिक की समस्या भी बढ़ सकती है।

3. कैफीन और शराब का सेवन
कॉफी, चाय, कोल्ड ड्रिंक या शराब का सेवन नींद को बिगाड़ देता है। कैफीन दिमाग को जाग्रत रखता है, जबकि शराब शुरू में नींद लाती है लेकिन बाद में नींद बार-बार टूटने लगती है। इससे नींद की क्वालिटी खराब हो जाती है और थकान बनी रहती है।

अच्छी नींद के लिए क्या करें?
अच्छी नींद पाने के लिए रोजाना सोने और उठने का समय तय करें। सोने से पहले कमरे को अंधेरा और शांत रखें। हल्की किताब पढ़ना या मेडिटेशन करना भी लाभकारी होता है। लंबे समय से नींद न आने की समस्या हो तो विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।



