लखनऊ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने से इनकार करते हुए इसे रिलीज करने की अनुमति दे दी है। कोर्ट के आदेश के बाद उम्मीद की जा रही है कि फिल्म जल्द ही बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला
पीठ ने कहा कि जब तक कोई ठोस आधार न हो कि किसी फिल्म से कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है, तब तक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और रचनात्मक आजादी पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने सेंसर बोर्ड को फिल्म को सर्टिफिकेट जारी करने का निर्देश दिया।
सेंसर बोर्ड की आपत्तियां खारिज
यह फिल्म ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ किताब से प्रेरित बताई जा रही है। पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ डायलॉग और सीन पर आपत्ति जताते हुए एडिट करने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने सीबीएफसी के आदेश को खारिज कर दिया और निर्माताओं के इस दावे को स्वीकार किया कि फिल्म में अस्वीकरण जोड़ा गया है, जिसमें कहा गया है कि यह काल्पनिक है और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है।
जल्द आएगा रिलीज डेट का एलान
निर्माताओं के वकील रवि कदम और अधिवक्ता सत्य आनंद ने बताया कि कोर्ट ने सभी पहलुओं पर विचार करते हुए फिल्म को मंजूरी दे दी है। यह फिल्म सम्राट सिनेमैटिक्स के बैनर तले बनाई गई है। माना जा रहा है कि मेकर्स अब जल्द ही इसकी रिलीज डेट का ऐलान करेंगे।







