रायपुर, 20 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सूरजपुर जिले के तिलसिवां में आयोजित भव्य रजत महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर उन्होंने 211 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि पूजन किया, जिससे जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत सूरजपुर के नए बस स्टैंड परिसर स्थित अटल परिसर में भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके साथ ही किसान मेला सह जैविक मेला का आयोजन भी किया गया, जिसमें किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और जैविक खेती के महत्व से परिचित कराया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होना एक ऐतिहासिक अवसर है। रजत जयंती वर्ष राज्य की गौरवशाली यात्रा और जनसहयोग से हुई प्रगति का प्रतीक है। बीते 25 वर्षों में प्रदेश ने विकास के कई आयामों को छुआ है और अब आगे बढ़ने के लिए नए संकल्प लेने का समय है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर प्रदेश को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दें। सूरजपुर से शुरू हुआ यह रजत महोत्सव प्रदेश के विकास, समर्पण और एकता का प्रतीक बनकर पूरे छत्तीसगढ़ को नई दिशा देगा।







