रायपुर।छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग ने सुरक्षा और मैनपावर सप्लाई एजेंसियों पर बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में गंभीर अनियमितता और लापरवाही सामने आने के बाद सात एजेंसियों पर भारी जुर्माना ठोका गया है। इसमें रायपुर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार और बालोद की नामी कंपनियां शामिल हैं।
सबसे बड़ी कार्रवाई रायपुर स्थित BIS लिमिटेड पर की गई है। इस कंपनी पर आबकारी विभाग ने 1 करोड़ 55 लाख 65 हजार 480 रुपए का जुर्माना लगाया है। आरोप है कि कंपनी ने संविदा कार्यों में तय नियमों और शर्तों का पालन नहीं किया।
दंतेवाड़ा की रक्षक सिक्योरिटी पर 1 लाख रुपए, बलौदाबाजार की SIS लिमिटेड पर 4.5 लाख रुपए और बालोद की कैप्टन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
भविष्य में ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संविदा एजेंसियों की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कंपनियों को सेवा अनुबंध के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। जुर्माने की राशि संबंधित कंपनियों से वसूली जाएगी और भविष्य में दोषी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने पर भी विचार किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, अन्य जिलों की कंपनियों की भी जांच जारी है और गड़बड़ी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







