छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के माननीय मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा द्वारा न्यायालय कक्ष में आयोजित औपचारिक समारोह में माननीय न्यायमूर्ति श्री रविन्द्र कुमार अग्रवाल ने स्थायी न्यायाधीश पद की शपथ विधिवत ग्रहण की। शपथ ग्रहण के समय उच्च न्यायालय के सभी माननीय न्यायाधीशगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
उक्त नियुक्ति संबंधी अधिसूचना भारत सरकार, विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि एवं विधायी कार्य विभाग, नई दिल्ली द्वारा दिनांक 07 अगस्त 2025 को जारी की गई थी। इस नियुक्ति के साथ माननीय न्यायमूर्ति अग्रवाल को संविधान के अनुच्छेद 217(1) के अंतर्गत स्थायी न्यायाधीश का कार्यभार सौंपा गया है।
माननीय न्यायमूर्ति अग्रवाल का न्यायिक अनुभव, विधिक प्रावधानों की गहन समझ तथा निष्पक्ष दृष्टिकोण छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायिक कार्यों की दक्षता एवं न्याय वितरण प्रणाली को और सुदृढ़ करेगा।







