नई दिल्ली।
बाजार में बायोटिन सप्लीमेंट्स की भरमार ने इसे बालों की हर समस्या का इलाज बना दिया है। लेकिन क्या वाकई बायोटिन की गोलियां बालों को झड़ने से रोकती हैं? और शरीर में इसकी असली ज़रूरत क्या है? आइए जानते हैं बायोटिन से जुड़ी सच्चाई और इससे जुड़े मिथकों को।

बायोटिन क्या करता है शरीर में?
बायोटिन, जिसे विटामिन B7 कहा जाता है, शरीर में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फैट को ऊर्जा में बदलने वाले एंजाइमों के लिए सहायक की भूमिका निभाता है। यह त्वचा, नाखून, मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र की सेहत बनाए रखने में भी मदद करता है।

क्या बायोटिन से रुकता है बाल झड़ना?
हालांकि बायोटिन की कमी से बालों का झड़ना हो सकता है, लेकिन यह समस्या स्वस्थ लोगों में बहुत कम देखी जाती है। अगर शरीर में पहले से बायोटिन की भरपूर मात्रा है, तो सप्लीमेंट लेने से बाल झड़ना बंद होगा — इसका कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

प्राकृतिक स्रोतों से लें बायोटिन
बायोटिन अंडे की जर्दी, बादाम, अखरोट, दूध, शकरकंद, मशरूम और एवोकाडो में पाया जाता है। संतुलित आहार लेने से शरीर को जरूरी मात्रा में बायोटिन मिल जाता है।

क्या सप्लीमेंट जरूरी है?
अगर डॉक्टर ने कोई विशेष कमी बताई हो, तभी बायोटिन सप्लीमेंट लें। बिना जांच कराए इसे बालों के लिए रामबाण समझना भ्रामक हो सकता है। बालों के झड़ने की असली वजह जानने के लिए विशेषज्ञ की सलाह लेना ज़रूरी है।







