भारतीय मूल की मथुरा श्रीधरन बनीं ओहायो की सॉलिसिटर जनरल, बिंदी पहनने पर हुईं ट्रोल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारतीय मूल की अनुभवी वकील मथुरा श्रीधरन को अमेरिका के ओहायो राज्य की नई सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया गया है। ओहायो के अटॉर्नी जनरल डेव योस्ट ने हाल ही में उनके नाम की घोषणा की, जिसके बाद वह राज्य की सर्वोच्च कानूनी अधिकारियों में शामिल हो गई हैं।

इस पद पर श्रीधरन इलियट गेसर की जगह लेंगी, जिन्हें पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अमेरिकी न्याय विभाग में नियुक्त किया गया है। मथुरा श्रीधरन ओहायो सुप्रीम कोर्ट, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट और संघीय अदालतों में राज्य की ओर से केस की पैरवी करेंगी।

नियुक्ति पर मथुरा श्रीधरन ने जताई खुशी
अपने चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए श्रीधरन ने कहा, “ओहायो के नागरिकों के अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करना मेरे लिए एक गर्व और जिम्मेदारी की बात है। मैं अटॉर्नी जनरल योस्ट के भरोसे के लिए आभार प्रकट करती हूं, जिन्होंने मुझे संविधान की रक्षा की यह जिम्मेदारी दी है।”

बिंदी को लेकर ट्रोल हुईं श्रीधरन
हालांकि उनकी नियुक्ति के बाद कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने उनके भारतीय पहनावे और विशेष रूप से बिंदी पहनने को लेकर नस्लीय टिप्पणियां कीं। एक यूजर ने कहा कि “उन्हें अमेरिका की बजाय भारत भेज देना चाहिए”, तो वहीं किसी ने सवाल उठाया कि “इस पद के लिए अमेरिकी मूल की महिला क्यों नहीं?” इस प्रकार की टिप्पणियों के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने श्रीधरन का समर्थन भी किया।

शिक्षा और योग्यता
मथुरा श्रीधरन ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ से 2018 में लॉ की डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने प्रतिष्ठित MIT (मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस और अर्थशास्त्र में ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment