दक्षिण भारतीय सिनेमा के स्टार दुलकर सलमान ने अपनी बहुप्रतीक्षित 41वीं फिल्म ‘DQ41’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। फिल्म का भव्य मुहूर्त आज हैदराबाद में संपन्न हुआ, जिसमें उनके करीबी मित्र और अभिनेता नानी ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
इस अवसर पर दुलकर ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए फिल्म की झलक दिखाई। निर्माताओं ने बताया कि यह फिल्म एक समकालीन और भावनात्मक प्रेम कहानी पर आधारित होगी, जिसकी शूटिंग आज से शुरू हो चुकी है।
शुभारंभ में सितारों की मौजूदगी
इस खास मौके पर नानी ने शुभ मुहूर्त शॉट के लिए क्लैपबोर्ड थामा। निर्देशक बुची बाबू सना ने कैमरे का स्विच ऑन किया, जबकि गुन्नम संदीप और राम्या गुन्नम ने स्क्रिप्ट सौंपकर कार्यक्रम को विधिवत आगे बढ़ाया। पहले दृश्य को स्वयं फिल्म के निर्देशक रवि नेलाकुदिति ने निर्देशित किया।
इस मौके पर निर्देशक श्रीकांत ओडेला भी उपस्थित रहे। फिल्म का सिनेमैटोग्राफर अनय ओम गोस्वामी, संगीतकार जीवी प्रकाश कुमार और प्रोडक्शन डिजाइनर अविनाश कोल्ला होंगे।
DQ41: क्या है खास
फिल्म ‘DQ41’ का निर्माण एसएलवी सिनेमाज (SLV Cinemas) के बैनर तले हो रहा है, जो उनकी 10वीं फिल्म (SLV10) है। इस फिल्म का निर्देशन पहली बार कमान संभाल रहे रवि नेलाकुदिति कर रहे हैं। दुलकर सलमान, जिन्हें ‘सीता रामम’ और ‘लकी भास्कर’ जैसी फिल्मों से काफी लोकप्रियता मिली है, इस बार फिर एक दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी में नजर आएंगे।
निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म पैन इंडिया लेवल पर रिलीज की जाएगी, जिससे न केवल तेलुगु बल्कि हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम दर्शकों को भी जोड़ने की कोशिश की जाएगी।



