भारतीय डाक विभाग ने खत्म की 50 साल पुरानी रजिस्ट्री सेवा, अब केवल स्पीड पोस्ट से ही भेजे जा सकेंगे पार्सल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। भारतीय डाक विभाग ने अपनी 50 साल से भी ज्यादा पुरानी भरोसेमंद रजिस्ट्री पार्सल सेवा को बंद करने का निर्णय लिया है। 1 सितंबर 2025 से अब नागरिकों को हर पार्सल स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही भेजना होगा, जिससे पार्सल की डाक दरें सीधे तौर पर बढ़ जाएंगी।

रजिस्ट्री का हुआ स्पीड पोस्ट में विलय

डाक विभाग के उप महानिदेशक (मेल) दुष्यंत मुदगिल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट जैसी एक जैसी सेवाओं का विलय परिचालन लागत और मानव संसाधन बचाने के लिए किया गया है। उनका कहना है कि इससे ट्रैकिंग सिस्टम में सुधार होगा और ग्राहक अनुभव बेहतर होगा।

जेब पर भारी पड़ेगा नया नियम

अब तक जो छोटा पार्सल 20 ग्राम का रजिस्ट्री से करीब ₹26–₹27 में भेजा जाता था, उसी के लिए अब स्पीड पोस्ट से ₹41 खर्च करने होंगे। यह करीब 75% तक महंगा हो गया है। बड़े और भारी पार्सलों के लिए यह लागत हजारों रुपए तक पहुंच सकती है। केवल रायपुर में ही प्रतिदिन 10,000 से अधिक स्पीड पोस्ट बुकिंग होती हैं, जिससे डाक विभाग को करोड़ों की अतिरिक्त कमाई हो सकती है।

विभाग के भीतर भी असंतोष

इसी बीच, डब्ल्यूआरएस डाकघर के पोस्टल असिस्टेंट राजू गजेंद्र ने पोस्टमास्टर ग्रेड की पदोन्नति को ठुकरा दिया है। इससे पहले 4 जुलाई को प्रमोट हुए 18 में से 14 कर्मचारी भी 22 जुलाई को प्रमोशन अस्वीकार कर चुके हैं। इसके अलावा सड्डू उप डाकघर को डाउनग्रेड कर दिया गया है, जो विभाग में पुनर्गठन और आंतरिक असंतोष की ओर इशारा करता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment