12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI 171 टेकऑफ के 32 सेकंड बाद एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गई थी। इस भीषण विमान हादसे में कुल 270 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। अब इस घटना से जुड़ा एक नया और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ब्रिटेन के दो परिवारों ने दावा किया है कि उन्हें उनके परिजनों के शव की बजाय किसी और का शव सौंप दिया गया है।
इन परिवारों के वकील, जेम्स हीली के अनुसार, दोनों शवों का DNA परीक्षण किया गया, जिससे यह सामने आया कि शव उनके परिजनों से मेल नहीं खा रहे हैं। यह दावा ब्रिटेन के प्रतिष्ठित अखबार डेली मेल की एक रिपोर्ट में सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, एक ब्रिटिश परिवार ने तो अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी भी कर ली थी, लेकिन ऐन वक्त पर जब DNA जांच हुई, तब पता चला कि ताबूत में किसी अन्य यात्री का शव है। इसके बाद उन्हें अंतिम संस्कार की योजना रद्द करनी पड़ी।
इस मामले में एयर इंडिया की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। हालांकि एयर इंडिया ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, हादसे के बाद 13 शवों को ब्रिटेन भेजा गया था। विमान में कुल 242 यात्री थे, जिनमें 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। हादसे के दौरान सभी 270 लोगों की मौत हो गई थी।







