रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रायपुर के साइंस कॉलेज में आयोजित किसान-जवान-संविधान सभा में भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार अपने बलबूते नहीं, बल्कि दो सहयोगी दलों—नीतीश कुमार और तेलगू देशम पार्टी (TDP)—के सहारे चल रही है। खड़गे ने तंज कसते हुए कहा, “मोदी सरकार दो बैसाखियों पर चल रही है, अगर एक भी खिसकी तो सरकार गिर जाएगी।”
अमित शाह पर निजी टिप्पणी: क्या छत्तीसगढ़ ससुराल है?
खड़गे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के लगातार छत्तीसगढ़ दौरों पर चुटकी लेते हुए कहा, “शाह बार-बार यहां क्यों आते हैं? क्या छत्तीसगढ़ उनका घर है या ससुराल?” उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री को भी कठपुतली बताया और कहा कि केंद्र के इशारे पर काम हो रहा है।
मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप
कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि पीएम मोदी ने किसानों और सैनिकों से जो वादे किए थे, वो पूरे नहीं किए। छत्तीसगढ़ में सामाजिक न्याय की आवाज़ उठाकर कांग्रेस ने 2024 में बीजेपी के अभिमान को तोड़ा। उन्होंने भाजपा सरकार को “झूठों की सरदार” तक कह डाला।
पीएम मीटिंग में नहीं आते, ये देश का अपमान: खड़गे
पहलवान हमले के संदर्भ में खड़गे ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़ी उच्च स्तरीय बैठकों में प्रधानमंत्री का न आना शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ विपक्ष नहीं, पूरे देश का अपमान है।”
राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी साधा निशाना
खड़गे ने कहा कि बीजेपी शासन में छत्तीसगढ़ पर ₹47,000 करोड़ का कर्ज चढ़ा दिया गया है, जबकि कांग्रेस शासन में एक रुपया भी अतिरिक्त कर्ज लेने पर विरोध होता था।
अंत में उन्होंने “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का नारा लगाकर सभा समाप्त की और बारिश में भी पहुंचे जनता का धन्यवाद किया।



