सिद्धारमैया ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को बताया निराधार, कहा- ‘पांच साल तक रहूंगा मुख्यमंत्री’

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने स्पष्ट किया है कि वह मुख्यमंत्री पद पर पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे और नेतृत्व परिवर्तन की तमाम अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।

राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर उठ रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को प्रेस से बातचीत के दौरान साफ शब्दों में कहा कि वह पूरे पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहेंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह पूरे कार्यकाल तक पद पर बने रहेंगे, तो उन्होंने कहा, “हां, मैं पांच साल मुख्यमंत्री रहूंगा। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।”

नेताओं ने भी किया समर्थन:

इस मुद्दे पर राज्य सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने भी कहा कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कोई योजना या विचार नहीं है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला — सभी ने यह साफ किया है कि नेतृत्व परिवर्तन का कोई सवाल ही नहीं है।”

शिवकुमार ने भी दी सख्त चेतावनी:

उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद को मुख्यमंत्री बनाने की कोई मांग नहीं की है और पार्टी अनुशासन को सर्वोपरि बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई नेता इस मुद्दे पर सार्वजनिक बयान देता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शिवकुमार ने बताया कि रामनगर के विधायक एचए इकबाल हुसैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है क्योंकि उन्होंने शिवकुमार को सीएम बनाए जाने की सार्वजनिक मांग की थी।

रणदीप सुरजेवाला की सक्रियता:

इस बीच, कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला लगातार तीसरे दिन पार्टी विधायकों से मुलाकात कर रहे हैं। शिवकुमार ने इस पर कहा कि यह संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर है, पार्टी में किसी प्रकार का असंतोष नहीं है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment